पटवारियों की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल

*3 अगस्त से कलमबंद होंगे पटवारी,करेगे एक दिवसीय सांकेतिक हडताल, राजस्व व्यवस्था पर पड़ेगा बड़ा असर*
*राजस्व पटवारी संघ ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, लंबित मांगों के निराकरण नहीं होने पर सामूहिक अवकाश का ऐलान*
बेमेतरा – जिले में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। राजस्व पटवारी संघ, तहसील बेमेतरा ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में 3 अगस्त 2026 से एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संघ ने कलेक्टर के माध्यम से शासन को विधिवत सूचना एवं ज्ञापन सौंप दिया है।
संघ के अनुसार, शासन स्तर पर लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए लगातार निवेदन किए जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे नाराज होकर पटवारियों ने सामूहिक रूप से कलमबंद आंदोलन का रास्ता चुना है।
यदि सांकेतिक हड़ताल शुरू होती है तो नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फसल गिरदावरी, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्रों से जुड़े राजस्व प्रतिवेदन, भू-अभिलेख संबंधी कार्य तथा अन्य राजस्व सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसका सीधा असर आम नागरिकों और किसानों को झेलना पड़ सकता है।
राजस्व पटवारी संघ ने कहा है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अब सबकी निगाहें शासन और प्रशासन पर टिकी हैं कि वे सांकेतिक हड़ताल से पहले कोई समाधान निकालते हैं या नहीं।
“3 अगस्त से प्रस्तावित इस सांकेतिक हड़ताल के चलते जिले की राजस्व व्यवस्था की रफ्तार थम सकती है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो आम जनता को भी जरूरी राजस्व कार्यों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।”


