1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की शिकायत पर मनीष होटल में जांच, नाबालिग से काम कराने की आशंका
नवागढ़ (बेमेतरा)। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 में प्राप्त शिकायत के बाद बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के पीछे संचालित मनीष होटल में जांच टीम ने तत्काल पहुंचकर कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, होटल में एक किशोर कार्य करते हुए मिला, जिसने प्रारंभिक पूछताछ में अपनी उम्र लगभग 15 वर्ष बताई। इसके बाद जांच दल ने मौके पर आवश्यक पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है। किशोर की वास्तविक आयु एवं रोजगार से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
जांच दल में आशीष जायसवाल, अशोक तिर्की एवं अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की बात कही है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद यदि बाल श्रम से संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो होटल संचालक के विरुद्ध क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है। फिलहाल मामला जांचाधीन है और अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।


