प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नवागढ़ में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन

‘सेवा, सुशासन और विकास’ के 12 स्वर्णिम वर्ष: नवागढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया शक्ति पूजन और स्वच्छता संकल्प
नवागढ़ – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा नवागढ़ नगर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार एवं प्रदेश सरकार के मंत्री दयालदास बघेल के मार्गदर्शन में शक्ति मंदिर नवागढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को निरंतर शक्ति प्रदान करने हेतु विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे मां शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इस अवसर पर मंत्री दयालदास बघेल एवं उनकी धर्मपत्नी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुति देकर देश की सुख-समृद्धि और प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन की कामना की। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
पूजा-अर्चना के पश्चात मंत्री दयालदास बघेल के नेतृत्व में नगर में भव्य स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा स्वच्छता को सामाजिक संस्कार बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन, विकास, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, वैश्विक प्रतिष्ठा तथा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, मंडल अध्यक्षगण, मंडल महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय भाजपा-जय भारत के उद्घोष के साथ हुआ। :::


