घटिया भुट्टा बीज से 5 एकड़ फसल बर्बाद, किसान ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार…

बेमेतरा – बेमेतरा जिले के ग्राम बैजलपुर के एक किसान ने खराब और गुणवत्ताहीन भुट्टा बीज बेचने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। किसान का कहना है कि बीज की खराब गुणवत्ता के कारण उसकी 5 एकड़ में लगी पूरी स्वीट कॉर्न की फसल बर्बाद हो गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्राम बैजलपुर निवासी किसान सुधीर कुमार ठाकुर ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया है कि उन्होंने अप्रैल 2026 में बेमेतरा स्थित एक कृषि केंद्र से स्वीट कॉर्न के बीज खरीदे थे। कृषि विभाग की अनुशंसित विधि से बुवाई करने, सिंचाई, खाद और दवाइयों पर भारी खर्च करने के बावजूद खेत में एक भी पौधे में भुट्टा नहीं लगा। किसान का आरोप है कि लगभग एक माह पहले कृषि केंद्र संचालक को इसकी शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन दिया गया और कोई समाधान नहीं निकाला गया।
किसान ने कलेक्टर से मांग की है कि कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से खेत का निरीक्षण कराकर बीज की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, हुए आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए तथा दोषपूर्ण बीज बेचने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में अन्य किसानों के साथ ऐसा धोखा न हो।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पीड़ित किसान को कब तक न्याय मिल पाता है।


