सुशासन तिहार में शिकायत के बाद भी नहीं थमी अवैध शराब बिक्री, आखिर आबकारी विभाग किसका कर रहा इंतजार..?..

मोहरेंगा-बालसमुंद सेक्टर से उठे सवाल, शिकायतों के बाद भी कार्रवाई शून्य…
बेमेतरा – एक तरफ शासन “सुशासन तिहार” के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।
मोहरेंगा बालसमुंद सेक्टर निवासी सुरेश परदेशी ने गांव में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री को लेकर सुशासन तिहार में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद भी आबकारी विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, 25 मई 2026 को जनदर्शन में भी मामले की लिखित शिकायत दी गई, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अवैध शराब बिक्री के कारण माहौल खराब हो रहा है, युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सामाजिक व्यवस्था पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। अब सवाल यह उठने लगा है कि —जब शिकायतें लगातार प्रशासन तक पहुंच रही हैं, तब आखिर आबकारी विभाग कार्रवाई करने से क्यों बच रहा है..?
क्या विभाग को किसी बड़ी घटना का इंतजार है..?
या फिर अवैध कारोबारियों को किसी का संरक्षण प्राप्त है..?
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो गांव में अवैध शराब कारोबार इस तरह खुलेआम संचालित नहीं होता।
सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना बताया जा रहा है, लेकिन अगर शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार विभाग मौन रहे, तो आम जनता का विश्वास प्रशासन पर कैसे कायम रहेगा..?अब क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाई जाए और लापरवाह अधिकारियों पर कार्यवाही भी हो…


