नवागढ़ में पेट्रोल-डीज़ल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

नवागढ़। पेट्रोल और डीज़ल की लगातार हो रही किल्लत को लेकर नवागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार नारेबाजी एवं प्रदर्शन किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हर्ष बघेल, ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी अनंत ब्लॉक महामंत्री खेमन टंडन जी, पवन सन्डे,गुरभेज सिंह गुम्बर,रामनिहोरा सेन,संतोष देवांगन,मानिदास मानिकपुरी,चंद्रप्रकाश,मोहित गर्ग सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन लगातार पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीज़ल उपलब्ध होने की बात कह रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही पेट्रोल पंप पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, जहां पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध नहीं मिला। बताया गया कि नवागढ़ क्षेत्र के तीन पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद पड़े हैं, जबकि केवल एक पेट्रोल पंप में सीमित मात्रा में डीज़ल उपलब्ध है। वहां भी “वाहन लाने पर ही पेट्रोल-डीज़ल दिया जाएगा, डब्बे में नहीं मिलेगा” का नोटिस चस्पा किया गया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था से सबसे अधिक परेशानी किसानों को हो रही है। आमतौर पर खेती-किसानी के कार्य में किसान ट्रैक्टर का उपयोग करते हैं, लेकिन बार-बार ट्रैक्टर को पेट्रोल पंप तक ले जाना और वापस खेत तक लाना किसानों के लिए समय और आर्थिक दोनों रूप से नुकसानदायक साबित हो रहा है। किसानों का आधा समय केवल डीज़ल लाने-ले जाने में ही व्यर्थ हो जाएगा। ऐसे में किसान आखिर खेती का कार्य कैसे करेंगे, यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने, सभी पेट्रोल पंपों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं किसानों और आम जनता को राहत देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


