- बेजुबान गौवंश के अस्तित्व और सम्मान की लड़ाई तेज
♦
प्रशासन की कुम्भकर्णीय नींद के खिलाफ बीडीसी दीपक सिंह दिनकर का मोर्चा, कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच का ऐलान
बेमेतरा – क्षेत्र में बेजुबान गौवंश की बदहाल स्थिति को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से गौवंश की सुरक्षा, देखरेख और संरक्षण को लेकर उठ रही मांगों के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी कड़ी में बीडीसी सदस्य दीपक सिंह दिनकर ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गौवंश की समस्या को लेकर कई बार ज्ञापन और आग्रह किए गए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। उन्होंने इसे प्रशासन की “कुम्भकर्णीय नींद” बताते हुए कहा कि संवेदनशील मुद्दे पर इस तरह की वादा खिलाफी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
दीपक सिंह दिनकर ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे गौ सेवकों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच करेंगे। इस आंदोलन का उद्देश्य न केवल गौवंश के संरक्षण की मांग उठाना है, बल्कि प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का एहसास कराना भी है।
गौ सेवकों का कहना है कि सड़कों पर भटकते गौवंश दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, वहीं कई जगहों पर भोजन और उपचार के अभाव में उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल गौशालाओं की व्यवस्था, चारे-पानी की उचित उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य जांच की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस बढ़ते दबाव के बीच कितनी गंभीरता से कदम उठाता है या फिर आंदोलन के बाद ही कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर माहौल गर्माता जा रहा है और लोगों की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


