Explore

Search

August 4, 2026 5:40 pm

Our Social Media:

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

best news portal development company in india

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं का साजा क्षेत्र का औचक निरीक्षण

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं का साजा क्षेत्र का औचक निरीक्षण

*अस्पताल, एसडीएम कार्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

 

*बेमेतरा, 12 मार्च 2026 :-* कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज साजा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा, एसडीएम कार्यालय साजा तथा भरतपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 का निरीक्षण किया और वहां संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान साजा की अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री पिंकी मनहर उपस्थित थी।

 

सबसे पहले कलेक्टर सुश्री ममगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा पहुँचीं, जहाँ उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए महिला वार्ड, जनरल वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार की जानकारी ली। कलेक्टर ने मरीजों से पूछा कि उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है या नहीं तथा अस्पताल में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। मरीजों ने कलेक्टर से बातचीत के दौरान अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंखों के ऑपरेशन के लिए आए मरीजों से भी चर्चा कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उनके निवास स्थान, उपचार की प्रक्रिया तथा किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के बीएमओ डॉ. अश्विनी वर्मा तथा नेत्र सहायक अधिकारी विनोद बघेल से भी चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।

 

इसके पश्चात कलेक्टर एसडीएम कार्यालय साजा पहुँचीं, जहाँ उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय भवन के कुछ हिस्सों में सीपेज की समस्या, क्षतिग्रस्त दीवारें तथा टूटे हुए दरवाजों की स्थिति सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर भवन की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में बेहतर कार्य वातावरण होना आवश्यक है ताकि अधिकारी-कर्मचारी सुचारू रूप से कार्य कर सकें और नागरिकों को समय पर सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नालियों की नियमित सफाई कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए नगर निकायों को विशेष रूप से सजग रहना चाहिए।

 

इसके बाद कलेक्टर भरतपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 पहुँचीं, जहाँ उन्होंने औचक निरीक्षण कर केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहीं। कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे पूरक पोषण आहार, उपस्थिति पंजी, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचाया जाए।

 

कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखने को मिली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

Binod Kumar
Author: Binod Kumar

Leave a Comment

Advertisement
Pelli Poola Jada Accessories
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india