महतारी वंदन योजना से रामकली साहू के जीवन में आई नई रोशनी

*24 किश्तों से मिली आर्थिक संबल, बढ़ा आत्मविश्वास और परिवार में आई खुशहाली*
*बेमेतरा/7 मार्च 2026:* राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना का लाभ पाकर ग्राम बैजलपुर की रहने वाली रामकली साहू के जीवन में भी सकारात्मक और प्रेरणादायक बदलाव आया है।
रामकली साहू बताती हैं कि पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी। घर के छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी उन्हें कई बार दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। ऐसे में जब उन्हें महतारी वंदन योजना के बारे में जानकारी मिली और उनका नाम इस योजना में जुड़ा, तो उनके जीवन में एक नई उम्मीद जगी।
योजना के तहत हर माह मिलने वाली राशि ने रामकली के जीवन में आत्मविश्वास भर दिया है। अब तक उन्हें 24 किश्तों की राशि प्राप्त हो चुकी है, जिससे वे अपने परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर पा रही हैं। इस राशि से उन्होंने घर के जरूरी सामान खरीदे, बच्चों की पढ़ाई में सहयोग किया और दैनिक खर्चों में भी मदद मिली।
रामकली कहती हैं कि पहले उन्हें लगता था कि वे परिवार के खर्चों में ज्यादा सहयोग नहीं कर पातीं, लेकिन अब जब हर महीने उनके खाते में योजना की राशि आती है, तो उन्हें गर्व होता है कि वे भी अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इससे उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।
आज रामकली साहू के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई देती है। वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना ने न केवल उन्हें आर्थिक सहायता दी है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी दी है।
रामकली साहू राज्य शासन और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए बहुत ही सराहनीय पहल है। इससे हजारों-लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है और वे अपने परिवार की खुशहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभा पा रही हैं।


