एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर दुर्ग युवाओं को दे रहा है नई उड़ान और रोजगार के अवसर 
द राम भक्त हनुमान(दुर्ग):-टेक्नोलॉजी सेंटर दुर्ग छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार सृजन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। यह केंद्र भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत स्थापित है और ‘स्किल इंडिया’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसी योजनाओं के तहत युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित कर रहा है।
यह केंद्र उच्च गुणवत्ता वाली मशीनों, अनुभवी प्रशिक्षकों और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड सिलेबस के माध्यम से छात्रों को सीएनसी मशीनिंग, मोल्ड डिजाइन, प्रेस टूल डिजाइन, एडवांस्ड सॉफ्टवेयर (SolidWorks, CATIA, NX CAD/CAM), रोबोटिक्स, और क्वालिटी कंट्रोल जैसे विषयों पर गहन प्रशिक्षण देता है।
हाल ही में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में, कई छात्रों को प्रतिष्ठित कंपनियों में 14,000 से 18,000 रुपये प्रति माह के पैकेज पर इंजीनियर ट्रेनी एवं ऑपरेटर पदों पर चयनित किया गया। यह सफलता एमएसएमई टीसी दुर्ग की प्रशिक्षण गुणवत्ता और इंडस्ट्री की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किए जा रहे युवाओं का प्रमाण है।
केंद्र के प्रभारी अधिकारी ne बताया,
“हमारा उद्देश्य युवाओं को औद्योगिक मांगों के अनुसार तैयार कर उन्हें बेहतर करियर और आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना है।” उन्होंने आगे कहा,
“हमें गर्व है कि MSME-TC दुर्ग के छात्र देशभर की प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में अपनी जगह बना रहे हैं।”
इसके अलावा, यह केंद्र स्कूल ड्रॉपआउट्स, डिप्लोमा धारकों और इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए भी अल्पकालीन और दीर्घकालीन पाठ्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करता है, जो उन्हें स्थानीय और राष्ट्रीय औद्योगिक अवसरों से जोड़ने में सक्षम बनाता है।
एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर दुर्ग छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए न केवल एक प्रशिक्षण केंद्र है, बल्कि आत्मनिर्भरता और उज्जवल भविष्य की दिशा में एक सशक्त मार्गदर्शक बन चुका है।


