Explore

Search

August 4, 2026 7:14 pm

Our Social Media:

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

best news portal development company in india

सफलता कि कहानी “सपनों का घर हुआ साकार” : प्रधानमंत्री आवास योजना से ग्राम अतरगंवा की उत्तरा बाई के जीवन में आया बड़ा बदलाव

सफलता कि कहानी

“सपनों का घर हुआ साकार” : प्रधानमंत्री आवास योजना से ग्राम अतरगंवा की उत्तरा बाई के जीवन में आया बड़ा बदलाव

*बेमेतरा 07 मार्च 2026:-* केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर और बेघर परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों के सपने साकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरगंवा की रहने वाली उत्तरा बाई की कहानी है, जिनके जीवन में इस योजना ने एक नया उजाला भर दिया है।

 

आज से कुछ वर्ष पहले तक उत्तरा बाई का परिवार एक जर्जर और कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। गरीबी और सीमित आय के कारण उनके लिए पक्का घर बनाना केवल एक सपना बनकर रह गया था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की मदद से यह सपना अब हकीकत में बदल गया है।

 

*संघर्ष और कठिनाइयों से भरा जीवन*

जनपद पंचायत नवागढ़ से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत अतरगंवा की निवासी उत्तरा बाई (उम्र लगभग 55 वर्ष) एक गरीब मजदूर परिवार से संबंध रखती हैं। परिवार की आय का मुख्य स्रोत मजदूरी ही था। सीमित आय में परिवार का गुजारा करना ही मुश्किल था, ऐसे में पक्का घर बनाना उनके लिए असंभव सा लगता था। उत्तरा बाई और उनका परिवार एक टूटे-फूटे कच्चे मकान में रहते थे। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और घर की दीवारें भीग जाती थीं। कई बार घर के अंदर जगह-जगह पानी भर जाता था, जिससे रातभर ठीक से सो पाना भी मुश्किल हो जाता था।

इसके अलावा घर के आसपास की स्थिति भी सुरक्षित नहीं थी। बारिश के मौसम में सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव घर के अंदर घुस आते थे, जिससे परिवार के सदस्यों को हमेशा डर और चिंता बनी रहती थी। इन कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताते हुए उत्तरा बाई अक्सर सोचती थीं कि काश उनका भी एक पक्का और सुरक्षित घर होता।

 

*पक्के घर का सपना और उम्मीद*

उत्तरा बाई बताती हैं कि उन्होंने हमेशा अपने परिवार के लिए एक सुरक्षित घर का सपना देखा था। उनका मानना था कि अगर परिवार के पास मजबूत और पक्का घर हो तो जीवन की कई परेशानियां अपने आप कम हो जाती हैं। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण यह सपना साकार होना संभव नहीं लग रहा था। मजदूरी से होने वाली कमाई से केवल रोजमर्रा की जरूरतें ही पूरी हो पाती थीं। इसी बीच उन्हें ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जानकारी मिली। ग्राम सभा में पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की गई और वर्ष 2024-25 में उत्तरा बाई का नाम भी इस योजना में स्वीकृत हो गया।

 

*योजना के सहयोग से बना नया घर*

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति मिलने के बाद उत्तरा बाई के घर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सचिव, आवास मित्र तथा रोजगार सहायक के मार्गदर्शन में निर्माण कार्य आगे बढ़ा।प्रशासन और पंचायत के सहयोग से निर्धारित समय में घर का निर्माण कार्य पूरा किया गया। 28 मई 2025 को उत्तरा बाई का पक्का मकान बनकर तैयार हो गया।यह घर केवल ईंट और सीमेंट से बना एक भवन नहीं है, बल्कि यह उनके संघर्ष, धैर्य और उम्मीदों की जीत का प्रतीक बन गया है।

 

*प्रेरणा बन रही है उत्तरा बाई की कहानी*

उत्तरा बाई की कहानी इस बात का उदाहरण है कि जब सरकारी योजनाएं सही पात्र तक पहुंचती हैं, तो वे लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सकती हैं। आज उनका पक्का घर न केवल उनके परिवार के लिए सुरक्षा और खुशी का प्रतीक है, बल्कि गांव के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन गया है। यह कहानी बताती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उम्मीद और प्रयास से सपनों को साकार किया जा सकता है।

 

*अब बदली जिंदगी, मिला सुरक्षा और सम्मान*

आज उत्तरा बाई अपने परिवार के साथ नए पक्के मकान में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रही हैं। अब उन्हें बारिश के दिनों में घर टपकने की चिंता नहीं रहती और न ही रातभर जागकर पहरा देने की मजबूरी है। नए घर ने उन्हें सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक जीवन दिया है। परिवार के सदस्य अब आराम से रह पाते हैं और बच्चों को भी सुरक्षित वातावरण मिला है।उत्तरा बाई कहती हैं कि पहले हर बारिश उनके लिए चिंता लेकर आती थी, लेकिन अब पक्के घर में रहने से उन्हें सुकून और आत्मविश्वास मिला है।

 

*शासन-प्रशासन के प्रति आभार*

उत्तरा बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का घर मिलने पर शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि अगर यह योजना नहीं होती तो शायद उनका पक्के घर का सपना कभी पूरा नहीं हो पाता। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस योजना ने गरीब परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है।

 

*ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही योजना*

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से न केवल लोगों को पक्का घर मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है।जिला प्रशासन द्वारा भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि पात्र सभी हितग्राहियों को योजना का लाभ मिले और कोई भी गरीब परिवार कच्चे या जर्जर घर में रहने को मजबूर न रहे।

Binod Kumar
Author: Binod Kumar

Leave a Comment

Advertisement
Pelli Poola Jada Accessories
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india