छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में,वन विभाग की बड़ी कार्यवाही 
*चिरान लकड़ी एवं फर्नीचर जब्त*
@therambhaktTRBnews बलौदाबाजार, 1 मार्च 2026। बलौदाबाजार जिले में अवैध सागौन कटान के विरुद्ध वन विभाग ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चिरान लकड़ी तथा उससे निर्मित फर्नीचर जब्त किया है। यह कार्यवाही वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार की गई।
वन विभाग को अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेली एवं सुकली से अवैध लकड़ी संबंधी लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही थी तथा मुखबिर के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित की जा रही थीं।
प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने दोनों गांवों में सघन दबिश एवं तलाशी अभियान चलाया। ग्राम सुकली में भी तलाशी की कार्रवाई की गई। छापामार कार्यवाही के दौरान अवैध सागौन की चिरान लकड़ी एवं उससे निर्मित फर्नीचर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्यवाही के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी गुलशन साहू, डब्बू साहू, सुश्री मीनाक्षी साहू, सुश्री रुपेश्वरी दीवान सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


