Explore

Search

August 5, 2026 12:12 am

Our Social Media:

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

best news portal development company in india

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को गति : करोकन्या धार्मिक स्थल से लिया गया संकल्प

*बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को गति : करोकन्या धार्मिक स्थल से लिया गया संकल्प*

*बेमेतरा 15 जनवरी 2026:-* कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सशक्त रूप से आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सी.पी. शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री व्योम श्रीवास्तव एवं परियोजना समन्वयक (चाइल्ड हेल्पलाइन) श्री राजेंद्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में किया गया।इस अवसर पर बेरला विकासखंड अंतर्गत स्थित करोकन्या धार्मिक स्थल के ट्रस्टी, प्रबंधक, अध्यक्ष एवं पुजारी से मुलाकात कर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। धार्मिक स्थल से जुड़े पदाधिकारियों से आग्रह किया गया कि किसी भी विवाह के आयोजन से पूर्व बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष सुनिश्चित की जाए। आयु सत्यापन के दौरान आधार कार्ड को मान्य न मानते हुए केवल अंकसूची या जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर ही आयु की पुष्टि कर विवाह संपन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले के समस्त धार्मिक स्थलों—मंदिर, गुरुद्वारा, चर्च, मस्जिद, ट्रस्ट तथा विवाह से जुड़ी सेवाएं प्रदान करने वाले धर्मगुरु, टेंट संचालक, डीजे, रसोईया एवं अन्य सेवा प्रदाताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनसमुदाय को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में हायर सेकेंडरी स्कूल पतोरा के छात्र-छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नशा मुक्त भारत अभियान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे किशोर एवं युवा वर्ग को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सखी वन स्टॉप सेंटर महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता 112 अथवा जिला प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उक्त कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र की उपस्थिति भी रही। जिला प्रशासन द्वारा जनसमुदाय के सहयोग से जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

Binod Kumar
Author: Binod Kumar

Leave a Comment

Advertisement
Pelli Poola Jada Accessories
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india