राजनांदगांव पुलिस को मिला ब्रीथ एनालाइज़र, सड़क सुरक्षा में होगा उपयोग

द राम भक्त/राजनांदगांव:- विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग को यातायात विभाग हेतु ब्रीथ एनालाइज़र मशीन सौंपी। यह वैज्ञानिक यंत्र वाहन चालकों की सांस के नमूने से ब्लड अल्कोहल कंटेंट (BAC) की जांच कर यह पता लगाने में सक्षम है कि चालक ने शराब का सेवन किया है या नहीं।
डॉ. सिंह ने बताया कि “संस्कारधानी राजनांदगांव में आगामी गणेश झांकी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। ऐसे अवसर पर सड़क सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में यह उपकरण बेहद मददगार साबित होगा।”
यातायात पुलिस अब चौक-चौराहों पर संदिग्ध वाहन चालकों की मौके पर ही जांच कर सकेगी। ब्रीथ एनालाइज़र से मिलने वाले तत्काल परिणाम अदालत में भी मान्य साक्ष्य होते हैं। मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 185 के तहत यदि चालक का BAC 30 mg/100 ml से अधिक पाया जाता है, तो उसे 6 माह से 2 वर्ष तक की कैद और ₹2000 से ₹10000 तक जुर्माने का दंड हो सकता है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, प्रचार प्रसार प्रमुख अमर ललवानी, राजा भोजवानी, शंकी बग्गा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, निरीक्षक लोकेश कसेर और निरीक्षक यातायात अजय रवेल उपस्थित रहे।


