Explore

Search

November 6, 2026 11:38 pm

Our Social Media:

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

best news portal development company in india

खेतों से हॉकी के मैदान तक… किसान के बेटे ने बचाई टीम की शान, CHL में ढालेश्वर बना ‘दीवार’!

खेतों से हॉकी के मैदान तक… किसान के बेटे ने बचाई टीम की शान, CHL में ढालेश्वर बना ‘दीवार’!

 

*बारगांव की मिट्टी से निकला गोलकीपर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बिखेर रहा जलवा, बैलाडीला बुल्स के लिए शानदार प्रदर्शन; कोच तुलसी साहू की मेहनत और माता-पिता के सपनों को मिली नई उड़ान*

बेमेतरा/बारगांव – कहते हैं कि प्रतिभा किसी बड़े शहर, महंगे मैदान या आधुनिक सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत में दम हो, तो गांव की पगडंडियों से निकलकर भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। इसकी मिसाल बने हैं बारगांव के किसान परिवार के बेटे ढालेश्वर यादव, जिन्होंने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) में अपनी शानदार गोलकीपिंग से खेल प्रेमियों का ध्यान खींचा है।

 

छत्तीसगढ़ की पहली और सबसे बड़ी हॉकी लीग में बैलाडीला बुल्स की ओर से खेलते हुए ढालेश्वर ने गोलपोस्ट के सामने ऐसा दमदार प्रदर्शन किया कि वे अपनी टीम के मजबूत रक्षक के रूप में उभरकर सामने आए। मैदान पर उनकी फुर्ती, सतर्कता और गोल बचाने की क्षमता ने उन्हें टीम की ‘दीवार’ के रूप में पहचान दिलाई है।

 

*गांव के मैदान में पसीना, बड़े मंच पर चमक रही प्रतिभा*

 

ढालेश्वर की इस सफलता के पीछे वर्षों का संघर्ष और लगातार अभ्यास छिपा है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव से लगे खेल मैदान में सुबह-शाम पसीना बहाकर उन्होंने अपनी गोलकीपिंग को निखारा। ग्रामीण क्षेत्र में खेल संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया।

 

इस सफर में उनकी मार्गदर्शक रहीं व्यायाम शिक्षिका एवं हॉकी कोच तुलसी साहू, जिन्होंने जमीनी स्तर पर उनकी प्रतिभा को पहचाना और अनुशासन, तकनीक तथा निरंतर अभ्यास के जरिए उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया।

 

*कोच तुलसी साहू की मेहनत ने दिखाई राह*

 

किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके अभ्यास के साथ-साथ एक अच्छे मार्गदर्शक का योगदान भी अहम होता है। ढालेश्वर की उपलब्धि में कोच तुलसी साहू की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। सीमित संसाधनों के बीच ग्रामीण प्रतिभाओं को तैयार करना और उन्हें बड़े खेल मंच तक पहुंचाने का उनका प्रयास अब रंग ला रहा है।

 

*रायपुर की हॉकी अकादमी में निखार रहे खेल*

 

अपनी प्रतिभा को और बेहतर बनाने के लिए ढालेश्वर वर्तमान में रायपुर स्थित आवासीय हॉकी खेल अकादमी में रहकर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनका लक्ष्य गोलकीपिंग की बारीकियों को सीखकर आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाना है।

 

*स्वर्ण और रजत पदक से पहले ही दिखा चुके हैं दम*

 

ढालेश्वर की यह उपलब्धि अचानक नहीं मिली है। वे इससे पहले भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। वर्ष 2024 में राजनांदगांव में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने प्रथम स्थान के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं वर्ष 2023 की 23वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया था।

 

*किसान पिता की मेहनत और बेटे का जुनून बना सफलता की कहानी*

 

ढालेश्वर के पिता देवचरण यादव एक साधारण कृषक हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच बेटे को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते देखना इस किसान दंपत्ति का सपना रहा है। आज ढालेश्वर ने अपनी मेहनत और लगन से उस सपने को नई पहचान दी है।

 

उनकी सफलता से बारगांव ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गांव के लोगों के लिए ढालेश्वर अब सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे हैं, जो सुविधाओं की कमी के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेते हैं।

 

*कोच तुलसी साहू ने जताया गर्व*

 

कोच तुलसी साहू ने कहा कि ढालेश्वर की सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और हॉकी के प्रति जुनून का परिणाम है। ग्रामीण स्तर पर संसाधनों की कमी के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी। सुबह-शाम मैदान में लगातार अभ्यास कर उसने अपनी प्रतिभा को इस मुकाम तक पहुंचाया है। एक कोच के रूप में उसे जमीनी स्तर से तराशकर इस मुकाम पर देखना गौरव की बात है। उन्हें पूरा विश्वास है कि ढालेश्वर भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगा।

 

बारगांव का यह होनहार खिलाड़ी आज उन तमाम ग्रामीण युवाओं के लिए संदेश है कि मंजिल बड़ी हो तो शुरुआत छोटी होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। जरूरत है तो सिर्फ मेहनत, हौसले और सही मार्गदर्शन की।

Binod Kumar
Author: Binod Kumar

Leave a Comment

Advertisement
Pelli Poola Jada Accessories
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india