18 दिन से सड़क पर पटवारी, अब विधायक के दरबार में पहुंची मांगों की गूंज!

दो साल पुराने आश्वासन पर अब तक अमल नहीं, पीवी ऐप की खामियों और वेतन विसंगति पर उठाए सवाल; विधायक दीपेश साहू को सौंपा चार सूत्रीय मांग पत्र
बेमेतरा। अनिश्चितकालीन हड़ताल के 18वें दिन भी अपनी मांगों पर अड़े राजस्व पटवारियों ने अब जनप्रतिनिधि के माध्यम से शासन तक अपनी आवाज पहुंचाने की पहल की है। राजस्व पटवारी संघ जिला बेमेतरा के समस्त हड़ताली पटवारियों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई।
पटवारी संघ ने विधायक को बताया कि अपनी मांगों को लेकर संगठन पहले भी एक दिवसीय सांकेतिक आंदोलन कर चुका है। उस दौरान प्रमुख सचिव सुबोध सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच सकारात्मक चर्चा हुई थी। मांगों के समर्थन में आश्वासन भी मिला, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। संघ का कहना है कि मुख्य सचिव से समय नहीं मिल पाने के बाद भू-अभिलेख संचालक विनीत नंदनवार से भी लगातार संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता किसी ठोस समाधान तक नहीं पहुंच सकी।
पीवी ऐप पर पटवारियों ने उठाए गंभीर सवाल
संघ ने वर्तमान में लागू पीवी ऐप की व्यावहारिक और तकनीकी विसंगतियों को प्रमुखता से उठाते हुए इसे बंद करने तथा कथित खामियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। पटवारियों का कहना है कि ऐप में दर्ज नक्शे और लोकेशन संबंधी त्रुटियों के कारण किसानों से लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों तक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा पटवारियों पर कथित द्वेषपूर्ण कार्रवाई को निरस्त करने, अतिरिक्त कार्यभार का दबाव कम करने तथा बिना पर्याप्त प्रशिक्षण और जानकारी के धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने जैसे मुद्दों पर भी विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
वेतन विसंगति और पदोन्नति का मामला भी उठाया
संघ ने वर्षों से लंबित वेतन विसंगति, वेतन निर्धारण में त्रुटियों और पदोन्नति से जुड़े मामलों के निराकरण की मांग की। वहीं कार्य की जटिलताओं और जिम्मेदारियों के बीच स्थानांतरण, नोटिस एवं निलंबन जैसी कार्रवाइयों को लेकर भी अपनी आपत्तियां सामने रखीं।
विधायक दीपेश साहू ने पटवारी संघ की मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखकर उचित निराकरण कराने का आश्वासन दिया। अब देखना होगा कि 18 दिनों से जारी हड़ताल और दो वर्षों से लंबित आश्वासनों के बीच शासन स्तर पर इन मांगों को लेकर कब ठोस पहल होती है और किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों में कब राहत मिलती है।
38 साल की सेवा के बाद पटवारी इंद्र प्रसाद बंजारे को दी विदाई
इसी अवसर पर पटवारी संघ ने पटवारी हल्का नंबर 26 आनंदगांव में पदस्थ वरिष्ठ पटवारी इंद्र प्रसाद बंजारे के 38 वर्षों का सेवाकाल पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया। संघ के सदस्यों ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल पारिवारिक जीवन की मंगलकामना की।


