पोषण माह में आंगन मिलन: बच्चों के पोषण पर जागरूकता, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
*आंगनबाड़ी केंद्रों में योजनाओं की दी जानकारी, बच्चों को बांटी गई पानी की बोतल*
*कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिनों को सरपंच ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र*

चिल्फी/दाढ़ी – महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित पोषण माह सितंबर 2026 के अंतर्गत ग्राम चिल्फी के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, पालकों एवं ग्रामीणों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच एवं उपस्थित अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान विभागीय योजनाओं सुपोषण अभियान, एनीमिया मुक्त भारत, दस्तक अभियान तथा 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यकर्ताओं ने पोषण माह के संदेश “सही पोषण—देश रोशन, पोषण के साथ पढ़ाई भी” के माध्यम से बताया कि बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए आंगनबाड़ी से मिलने वाले टेक होम राशन, गर्म भोजन तथा आयरन-फोलिक एसिड का नियमित सेवन महत्वपूर्ण है।
*बच्चों को मिली पानी की बोतल, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती उषा बाई साहू ने आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत बच्चों को पानी की बोतल वितरित की। वहीं उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
केंद्र क्रमांक 01 से कार्यकर्ता रुखमणी यदु, सहायिका राजकुमारी ध्रुव, मितानिन गंगा नेताम, रमा ध्रुव एवं श्यामा यादव तथा केंद्र क्रमांक 02 से कार्यकर्ता छत्रिका साहू और सहायिका अनीता साहू को सरपंच के हाथों प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
ग्रामीण महिलाओं और पालकों की रही सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन शासकीय प्राथमिक शाला चिल्फी के शिक्षक जय कुमार मालाकार ने किया। इस अवसर पर उपसरपंच श्री दीपक श्रीवास, समस्त पंचगण, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पालक एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नेवता भोज का आयोजन किया गया और इसी के साथ आंगन मिलन कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।


