16 वर्षों में 1600 से अधिक शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण, भागवत प्रसाद बानी को मिला ‘शिक्षक रत्न सम्मान 2026’
ELTI Chapter Rajnandgaon ने उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए किया सम्मानित, राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षकों को कार्य के प्रति ईमानदारी और नवाचार के लिए किया प्रेरित

राजनांदगांव/डोंगरगढ़। अंग्रेजी भाषा शिक्षण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आनंदगांव के व्याख्याता श्री भागवत प्रसाद बानी को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण कार्य के लिए ‘शिक्षक रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ELTI Chapter Rajnandgaon द्वारा प्रदान किया गया।
श्री बानी ने बीते 16 वर्षों में लगभग 1600 से अधिक शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा शिक्षण का प्रशिक्षण प्रदान किया है। उन्होंने विद्यालय स्तर के साथ-साथ विकासखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर भी अंग्रेजी भाषा शिक्षण के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दी हैं।
उनके निरंतर प्रयास, शिक्षण में नवाचार, विद्यार्थियों एवं शिक्षार्थियों के प्रति उदार दृष्टिकोण, अंग्रेजी भाषा को सरल एवं सहज तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता तथा अपने विभागीय दायित्वों के प्रति निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा के प्रभावी एवं सरल शिक्षण तरीकों से जोड़ने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राज्य मंत्री एमडी ठाकुर रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्री एमडी ठाकुर, उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन रहे। उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें सम्मान एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
यह सम्मान समारोह लाल बहादुर नगर, चिचोला, डोंगरगढ़, राजनांदगांव में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों से चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
श्री भागवत प्रसाद बानी को शिक्षक रत्न सम्मान मिलने पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उनके सम्मान को शिक्षा एवं अंग्रेजी भाषा शिक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।


