Explore

Search

November 6, 2026 11:56 pm

Our Social Media:

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

द राम भक्त

सनातन मर्यादा का प्रतीक

best news portal development company in india

चंद्रखुरी में वित्तीय जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बैंकिंग और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

चंद्रखुरी में वित्तीय जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बैंकिंग और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

 

बचत, बजट, ई-केवाईसी, नए बैंक खाते और बीमा योजनाओं का मिला लाभ; 31 दिसंबर तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर

मुंगेली/पथरिया। ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने, वित्तीय रूप से जागरूक बनाने और साइबर ठगी से बचाव के प्रति सजग करने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत चंद्रखुरी में जन सुरक्षा एवं वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को बचत, घरेलू बजट, डिजिटल बैंकिंग और शासन की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

 

शिविर का आयोजन लीड बैंक प्रबंधक (LDM) मुंगेली श्री धर्मेंद्र मूंदड़ा के मार्गदर्शन एवं वित्तीय साक्षरता केंद्र (FLC) मुंगेली के श्री अरविन्द विश्वास के सहयोग से किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा प्रायोजित वित्तीय साक्षरता अभियान का संचालन बिलासपुर की समर्पित संस्था के माध्यम से किया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्रीमती नाज़नीन अली, स्टेट डायरेक्टर श्री हितेश मिश्रा, क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती नसीम श्रीवास तथा FLC मुंगेली के सेंटर इंचार्ज श्री धनंजय गर्ग के मार्गदर्शन में यह पहल आगे बढ़ाई जा रही है।

 

बचत और बजट प्रबंधन पर दिया जोर

 

शिविर में समर्पित संस्था के श्री अमित यादव ने ग्रामीणों को नियमित बचत की आदत विकसित करने, घरेलू आय-व्यय में संतुलन बनाए रखने और जरूरत के अनुसार बजट तैयार करने की जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित एवं सही तरीके से उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि ग्रामीण आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।

 

साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय

 

डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, एटीएम पिन और ओटीपी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

 

शिविर में ही हुआ बैंकिंग सुविधाओं का लाभ

 

शिविर की खास बात यह रही कि ग्रामीणों को केवल जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि मौके पर ही बैंकिंग संबंधी जरूरी कार्य भी किए गए। पात्र हितग्राहियों के ई-केवाईसी, नए बचत खाते खोलने, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही पात्र लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के अंतर्गत बीमा सुविधा से जोड़ने का कार्य किया गया।

 

बैंक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

 

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI), शाखा चंद्रखुरी के असिस्टेंट मैनेजर श्री प्रदीप चंद्रा, ग्राम पंचायत सरपंच श्री रामदयाल मंडन, SBI ग्राहक सेवा केंद्र चंद्रखुरी के संचालक श्री पुरुषोत्तम यादव एवं श्री सरवन राजपूत, वित्तीय साक्षरता प्रसार कार्यकर्ता (FLCRP) श्रीमती उषा श्रीवास तथा समर्पित संस्था के श्री अमित यादव उपस्थित रहे।

 

31 दिसंबर तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर

 

लीड बैंक प्रबंधक श्री धर्मेंद्र मूंदड़ा ने बताया कि 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित रोस्टर के अनुसार जन सुरक्षा एवं वित्तीय जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन से जोड़ना है।

 

शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सरपंच श्री रामदयाल मंडन ने ग्रामीणों को उपयोगी जानकारी और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए LDM, FLC मुंगेली के श्री अरविन्द विश्वास तथा समर्पित संस्था की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पहल

 

चंद्रखुरी में आयोजित यह शिविर ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक, बैंकिंग सुविधाओं के प्रति सहज और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और पात्र हितग्राहियों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Binod Kumar
Author: Binod Kumar

Leave a Comment

Advertisement
Pelli Poola Jada Accessories
लाइव क्रिकेट स्कोर
best news portal development company in india