राजपुर में बस रूट विवाद पर बैठक के बाद चक्काजाम स्थगित, प्रशासन ने दिया समाधान का आश्वासन
निर्धारित मार्ग NH-343 से रात्रिकालीन बसों के संचालन की मांग, सड़क मरम्मत और नियमित परिचालन पर हुई चर्चा

राजपुर। अंबिकापुर से बलरामपुर के बीच संचालित रात्रिकालीन यात्री बसों के निर्धारित मार्ग से परिचालन नहीं होने का मामला अब प्रशासनिक बैठक तक पहुंच गया है। बुधवार को राजपुर एसडीएम कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों, आरटीओ, जनप्रतिनिधियों और बस संचालकों के बीच हुई चर्चा के बाद 22 अक्टूबर को गांधी चौक पर प्रस्तावित चक्काजाम आंदोलन को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। बैठक में सड़क की मरम्मत और निर्धारित मार्ग से बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को लेकर आश्वासन दिया गया।
निर्धारित रूट से बसें नहीं चलने पर जताई थी नाराजगी
अंबिकापुर-बलरामपुर मार्ग पर रात्रिकालीन यात्री बसों के निर्धारित रूट से नहीं चलने के कारण राजपुर क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर जिला युवा कांग्रेस नेता राहुल गुप्ता के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), राजपुर को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 (राजपुर मार्ग) से सभी संबंधित यात्री बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी। साथ ही समस्या का निराकरण नहीं होने पर 22 अक्टूबर को गांधी चौक पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी गई थी।
बैठक में सड़क मरम्मत और बस संचालन पर चर्चा
आंदोलन की चेतावनी के बाद बुधवार को एसडीएम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क पर बने गड्ढों और रात्रिकालीन बसों के निर्धारित मार्ग से संचालन नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। बस संचालकों ने सड़क की खराब स्थिति को प्रमुख समस्या बताया, जिस पर सड़क मरम्मत का कार्य जल्द कराने को लेकर चर्चा हुई। वहीं, बलरामपुर आरटीओ ने रात्रिकालीन बस संचालकों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग से बसों का परिचालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
बैठक में मिले आश्वासन के बाद युवा कांग्रेस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने 22 अक्टूबर को प्रस्तावित चक्काजाम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि, प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत और निर्धारित मार्ग से बसों का नियमित संचालन जल्द सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ये रहे मौजूद
बैठक में राजपुर एसडीएम अनमोल टोप्पो, बलरामपुर आरटीओ यशवंत यादव, संतोष सिंह, राहुल गुप्ता, विश्वास गुप्ता, राहुल भारती, विद्यानंद दुबे, बबलू यादव, सोनू यादव, तेजप्रताप सिंह, बाबू सहित बस संचालक उपस्थित रहे।


