बिरसा मुंडा जयंती पर ग्राम पंचायत बोइरकछहरा को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात, मंत्री दयालदास बघेल ने की 35 लाख रुपये से अधिक की घोषणाएं

*धरती आबा जनजातीय ग्राम के विकास को मिलेगी नई गति, आदिवासी मंगल भवन, गौरव पथ और सीसी रोड निर्माण की मांग को मिली स्वीकृति की घोषणा*
नवागढ़। बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव उत्सव के अवसर पर ग्राम पंचायत बोइरकछहरा में हर्षोल्लास के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री दयालदास बघेल ने ग्राम पंचायत बोइरकछहरा और आश्रित ग्राम अमलीडीह के विकास के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं से ग्रामीणों एवं आदिवासी समाज में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत बोइरकछहरा को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संरक्षण में संचालित धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती परमिला गंधर्व गांव के समुचित विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में ग्राम की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों को लेकर मांग रखी थी। इसके साथ ही सहायक आयुक्त श्री अभिषेक जायसवाल तथा जिला कलेक्टर के समक्ष भी ग्राम की मूलभूत समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई है।
बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए मंत्री श्री दयालदास बघेल ने आदिवासी मंगल भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत बोइरकछहरा में लगभग 80 प्रतिशत आबादी आदिवासी समाज की है, ऐसे में मंगल भवन बनने से सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बोइरकछहरा में गौरव पथ निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा आश्रित ग्राम अमलीडीह में सुधारू धुरू के घर से चूमन धुरू के घर तक लगभग 400 मीटर सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सात सुआ मंडली को 10 हजार रुपये, कर्मा मंडली को 10 हजार रुपये तथा सामाजिक विकास गतिविधियों के लिए 25 हजार रुपये देने की भी घोषणा की गई।
इन विकास संबंधी घोषणाओं से दोनों गांवों में उत्साह का माहौल है। सरपंच श्रीमती परमिला गंधर्व ने मंत्री श्री दयालदास बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के विकास और आदिवासी समाज की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के लिए वे उनका धन्यवाद करती हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को भी ग्राम पंचायत में आमंत्रित करने की बात कही।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि घोषित विकास कार्यों के धरातल पर उतरने से ग्राम पंचायत बोइरकछहरा और आश्रित ग्राम अमलीडीह में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आदिवासी समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।


